CBSE Board Exam 2026: सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने में अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। 17 फरवरी से शुरू हो रही इन परीक्षाओं को लेकर इस बार छात्रों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन के बीच काफी चर्चा है। पिछले हफ्ते 13 फरवरी को CBSE ने एक लाइव वेबकास्ट का आयोजन किया था, जिसमें बोर्ड ने इस साल हो रहे तीन सबसे बड़े बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आज हम उसी वेबकास्ट और सीबीएसई की तरफ से जारी की गई नई गाइडलाइंस को आसान भाषा में समझने की कोशिश करेंगे।
इस साल CBSE से जुड़े करीब 31 हजार स्कूलों के 46 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे। देशभर में 8074 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इतने बड़े पैमाने पर होने वाली परीक्षाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बोर्ड ने जो तैयारियां की हैं, उनमें डिजिटल तकनीक को सबसे ज्यादा अहमियत दी गई है। 13 फरवरी को हुए इस लाइव वेबकास्ट में सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह ने भी सभी प्रिंसिपल और शिक्षकों को संबोधित किया और इन बदलावों को लागू करने में स्कूलों की अहम भूमिका पर जोर दिया।









